आदेश का उल्लंघन: विद्यालय संचालन पर रोक के बावजूद चला स्कूल, विरोध करने पर मुखिया को दी गई धमकी
मुखिया देवी कुमारी के साथ स्कूल डायरेक्टर ने की जातिसूचक गाली-गलौज, धमकी और घूस का खुला खेल

पूर्वी सिंहभूम जिले के हल्दीपोखर पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भुइयां ने थाना कोवाली में एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, सुभाष चंद्र बोस स्कूल के प्रधान प्रबंधक और डायरेक्टर एम एम सिंह ने न सिर्फ उन्हें जातिसूचक गालियाँ दीं, बल्कि धमकी भरा व्यवहार करते हुए दो लाख रुपये के घूस की पेशकश भी की। मामला तब उठा जब जिला प्रशासन द्वारा 15 जुलाई 2025 को आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005/34 के तहत सभी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया था। बावजूद इसके, उक्त निजी विद्यालय में पढ़ाई जारी थी।

मुखिया जब स्वयं निरीक्षण के लिए विद्यालय पहुँचीं, तो विद्यालय प्रबंधक ने सरकारी आदेश मानने से इनकार कर दिया। बातचीत के दौरान डायरेक्टर एम एम सिंह ने कथित तौर पर धमकी दी, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
मुखिया देवी कुमारी ने अपने आवेदन में बताया कि उन्हें यह भी कहा गया कि अगर वह ज्यादा नेतागिरी करेंगी तो उनका “बालू का काम” रुकवा दिया जाएगा। इतना ही नहीं, स्कूल स्टाफ और स्थानीय महिलाओं को बुलाकर उन्हें विद्यालय परिसर से बाहर निकालने की भी कोशिश की गई।

उन्होंने मांग की है कि विद्यालय प्रबंधन और डायरेक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधि या महिला ऐसी अपमानजनक स्थिति में न पड़े।




