समाजसेवी सबीर तांती के प्रयास से कंका गांव में फिर जली बिजली, लोगों में खुशी
लंबे इंतजार के बाद नया ट्रांसफार्मर लगा, गांव में छाया उत्साह

मझगांव प्रखंड के कंका, टोला-बोदरासाई गांव के लोग पिछले एक साल से बिजली की समस्या से जूझ रहे थे। गांव का ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण सैकड़ों ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर थे। इस दौरान न तो कोई जनप्रतिनिधि और न ही विभागीय अधिकारी गांव की सुध लेने पहुंचे।
गांव के लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। आखिरकार समाजसेवी सबीर कुमार तांती ने लगातार विद्युत विभाग के जिला कार्यालय में जाकर लिखित आवेदन दिए और समस्या को गंभीरता से अधिकारियों के सामने रखा। सबीर तांती के प्रयासों और जिला परिषद सदस्य श्री-माधव चंद्र कुंकाल के सहयोग से आखिरकार गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाया गया।
ट्रांसफार्मर लगने के बाद पूरे गांव में फिर से बिजली आ गई है। ग्रामीणों में खुशी की लहर है और सभी ने समाजसेवी सबीर तांती और जिला परिषद सदस्य का आभार जताया है। गांव के लोगों का कहना है कि अब वे बच्चों की पढ़ाई, घरेलू काम और बाकी जरूरी काम आसानी से कर पाएंगे।



