
पोटका (झारखंड)। पोटका प्रखंड के पोड़ाडीहा पंचायत अंतर्गत खैरपाल ग्राम में लगातार हो रही भारी बारिश से एक असहाय बुजुर्ग महिला का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। अचानक घटी इस घटना से महिला व उनका परिवार बेघर हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही शौर्य यात्रा समिति के सदस्य पावन राणा और सुरेश महापात्र, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल तथा ग्राम प्रधान अरविंद पाल मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित महिला से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत एवं पुनर्वास की स्थिति का जायजा लिया। जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल ने आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवार को हरसंभव मदद दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से इस मामले को प्रखंड प्रशासन व जिला स्तर पर उठाएंगे, ताकि पीड़ित परिवार को त्वरित राहत और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि प्रशासन को तत्काल ऐसे असहाय परिवारों के लिए आपातकालीन सहायता और स्थायी आवास की व्यवस्था करनी चाहिए। ग्रामीणों ने भी मांग की कि लगातार बारिश से प्रभावित परिवारों की सूची बनाकर सभी को राहत सामग्री और आवास योजना का लाभ दिया जाए।




