
नेमरा (रामगढ़)
दिशोम गुरु और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के श्राद्धकर्म का आयोजन नेमरा गांव में पारंपरिक विधि-विधान के साथ जारी है। सोमवार को श्राद्ध के 7वें दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने परिवार के साथ सभी रस्में निभाईं। मंगलवार को 8वें और बुधवार को 9वें दिन का अनुष्ठान संपन्न होगा। दशकर्म 15 अगस्त को और 11वां संस्कार 16 अगस्त को होगा। इसी दिन भव्य श्राद्ध भोज का आयोजन भी किया जाएगा।
गांव के मुखिया जीतलाल टुडू ने जानकारी दी कि इस अवसर पर लगभग 5 लाख लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर चार बड़े पंडाल लगाए गए हैं, जिनके पास ही अस्थायी रसोईघर बनाए गए हैं। विशेष अतिथियों के लिए गुरुजी के पैतृक आवास के परिसर में अलग से भोजन की व्यवस्था की गई है। व्यंजनों में गुरुजी का प्रिय साग भी शामिल किया गया है।
आवागमन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लुकैयाटांड से लेकर गांव तक पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। लुकैयाटांड में तीन हेलीपैड और गुरुजी के घर के सामने एक हेलीपैड तैयार किया गया है। गांव में बिजली, स्वच्छता, और तालाब के पास स्नान हेतु शॉवर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं पूरी तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने संताल समाज के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप पूरे श्राद्धकर्म को संपन्न कराने की जिम्मेदारी संभाली है।
