न्याय नहीं तो आंदोलन तुरी सुंडी ने दी चेतावनी
सदर अस्पताल में अवैध दुकान निर्माण रोकने की मांग

सदर अस्पताल परिसर में हो रहे कथित अवैध दुकान निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भारत आदिवासी पार्टी, पश्चिमी सिंहभूम-चाईबासा के उपाध्यक्ष तुरी सुन्डी ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), सदर चाईबासा को ज्ञापन सौंपकर इस निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

पार्टी का आरोप है कि जिस स्थान पर पहले अनुसूचित जाति समुदाय के लोग झोपड़ी डालकर जीवनयापन कर रहे थे और अस्पताल परिसर की स्वच्छता का कार्य करते थे, वहाँ से प्रशासन ने उन्हें अतिक्रमण बताकर हटा दिया।
लेकिन अब उसी स्थान पर बिना किसी विज्ञापन या आवेदन प्रक्रिया के बाहरी व्यक्तियों को दुकान निर्माण की अनुमति दी जा रही है।

पार्टी ने झारखंड में लगातार बढ़ते “बाहरी प्रभाव” पर भी चिंता व्यक्त की है और कहा है कि आदिवासी समाज को संरक्षण और रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
भारत आदिवासी पार्टी ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अवैध निर्माण पर रोक नहीं लगाई गई, तो पार्टी जन आंदोलन करने को बाध्य होगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
