
गमहरिया: सतबोहनी वार्ड नंबर 3 गोस्वामी टेंट हाउस के सामने गंदगी और नालियों के बहते पानी ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है और नालियों का पानी सड़क पर फैलने से आसपास का माहौल अस्वच्छ हो गया है। लगातार फैल रही दुर्गंध से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।


इस स्थिति पर समाजसेवी संजय गोराई ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कारण वार्ड की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। नालियों की सफाई न होने से पानी सड़कों पर बह रहा है और कचरे का उठाव समय पर नहीं होने से बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है।

गोराई ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वार्ड की जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपने घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और बच्चे-बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों ने नगर निगम से तुरंत नालियों की सफाई कराने, कचरा उठाने और वार्ड में नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।


