आसपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जमशेदपुर पश्चिम काशिफ रज़ा ने “गांव–गांव चलो, पांव–पांव चलो – चलो बूथ की ओर, चलो डोर टू डोर” अभियान की शुरुआत

सराईकेला–खरसावां: आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जमशेदपुर पश्चिम काशिफ रज़ा ने रविवार को रुद्रपुर गांव में आदिवासी हो समुदाय के बीच जन–संवाद कार्यक्रम कर राज्यव्यापी जनजागरण अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान काशिफ रज़ा ने ग्रामीणों से पार्टी की विचारधारा, सामाजिक स्थिति, शिक्षा, आर्थिक चुनौतियों और राजनीतिक भागीदारी पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष बाद भी यदि आदिवासी समाज बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा से वंचित है, तो इसके लिए राजनीतिक दलों के साथ-साथ वे लोग भी जिम्मेदार हैं जिन्होंने आरक्षण का लाभ तो लिया, पर समाज के सामूहिक विकास पर ध्यान नहीं दिया।
प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि आज़ाद समाज पार्टी झारखंड के प्रत्येक गांव और प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर जनता को संविधान द्वारा प्राप्त अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान चला रही है।
जन–संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। युवाओं व महिलाओं की सक्रिय उपस्थिति उल्लेखनीय रही। स्थानीय लोगों ने समाज की शिक्षा, बेरोजगारी और विकास से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा। पार्टी के अनुसार यह अभियान सरायकेला, खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, जमशेदपुर, चाईबासा तथा अन्य जिलों में क्रमवार जारी रहेगा। प्रदेश अध्यक्ष काशिफ रज़ा ने बताया कि कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पहुंचने और प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।




