जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम
पोटका के बांधडीह गांव में तीन दिनों से गिरा हुआ है मिट्टी का मकान
जादूगोड़ा पुलिस ने सबकुछ जानकर भी मुंह फेरा

जमशेदपुर : कहने को तो आपदा में जिला प्रशासन का अमला समय पर पहुंच जाता है और राहत कार्य शुरू कराने के साथ-साथ वहां के प्रभावितों का भी पूरा ख्याल रखता है, लेकिन जिले से सटे हुए ही पोटका प्रखंड है. यहां के हाथीबिंदा पंचायत के बांधडीह गांव में पांच परिवार का मकान पिछले तीन दिनों से जलमग्न है. इसकी जानकारी पोटका थाने में भी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने भी अपना मुंह ही फेर लिया. जिला प्रशासन का अमला भी सो रहा है. प्रशासनिक अधिकारियों को भी लगता है इसकी भनक नहीं लगी थी. कम-से-कम मुखिया को तो इस दिशा में पहल करनी ही चाहिए थी.
प्रभावित होने वाले परिवार के लोगों में शिव कुमार महतो, डोमन कुमार महतो, भवतोष कुमार महतो, धीरेन कुमार महतो और राजेश कुमार महतो प्रभावित हुए हैं.

खाने-पीने का सामान भी निगल गया है पानी
अचानक से बारिश का पानी घरों में प्रवेश कर जाने से घर में रखे सभी खाने-पीने के सामान नष्ट हो गये है. कपड़े व अन्य सामान भी खराब हो गया है.
दूसरे के घर में जाकर ली है शरण
मकान जलमग्न होने से प्रभावित परिवार के सदस्यों ने दूसरे के मकान में जाकर शरण ली है. शिव कुमार महतो के घर में भी पानी प्रवेश कर चुका है, लेकिन उनका मकान पक्का का होने के कारण सभी लोग उनके घर में ही अपना सिर छिपाए हुए हैं.




