झारखंड निकाय चुनाव: ट्रिपल टेस्ट रिपोर्ट सौंपी,
जनवरी तक हो सकते हैं चुनाव

रांची : झारखंड में लटके हुए निकाय चुनाव पर अब तस्वीर साफ होती दिख रही है। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने ट्रिपल टेस्ट की अंतिम रिपोर्ट नगर विकास विभाग को सौंप दी है। इस रिपोर्ट की पुष्टि आयोग के सदस्य नंदकिशोर मेहता ने की। वहीं राज्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में अलका तिवारी की नियुक्ति के बाद चुनावी प्रक्रिया को गति मिल गई है।

सूत्रों के मुताबिक, दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच नगर निकाय चुनाव कराए जाने की संभावना है। हालांकि अभी रिपोर्ट की समीक्षा कार्मिक, विधि और वित्त विभाग करेंगे। इसके बाद कैबिनेट से मंजूरी लेकर रिपोर्ट को निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। आयोग मतदाता सूची जारी कर आरक्षण की स्थिति स्पष्ट करेगा। माना जा रहा है कि नवंबर के मध्य तक यह पूरी प्रक्रिया संपन्न हो सकती है।

इससे पहले आयोग ने सभी 48 नगर निकायों में घर-घर सर्वे कराया था। अंतिम रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी संत जेवियर कॉलेज को दी गई थी। कॉलेज ने 21 अगस्त को आयोग को रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें निकायवार पिछड़ा और अतिपिछड़ा वर्ग मतदाताओं का विस्तृत ब्योरा शामिल है
गौरतलब है कि राज्य सरकार को मार्च 2026 तक चुनाव कराना अनिवार्य है। तय समय में चुनाव नहीं होने पर झारखंड को वित्त आयोग से मिलने वाली करीब 2000 करोड़ रुपये की अनुदान राशि खोनी पड़ सकती है। आयोग ने साफ किया है कि समय पर चुनाव होने पर ही रोकी गई राशि जारी की जाएगी।

