छठ पर्व के अवसर पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया
सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर महापर्व का होगा समापन

सापडा : सराइकेला के सपड़ा नदी के गौरी घाट में शाम होने से पहले ही व्रती खरकाई नदी पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पहुंचने लगे. बड़ी संख्या में छठ व्रती अपने पूरे परिवार एवं गाजे-बाजे के साथ छठ घाट पर पहुंचे. व्रतियों के चेहरे पर उत्साह और श्रद्धा साफ देखी जा सकती थी.

घरों से लेकर घाटों तक भक्तिपूर्ण माहौल बना रहा. छठ महापर्व की तैयारियां घरों में कई दिनों से चल रही थी. घरों से लेकर घाटों तक भक्ति के गीत गूंजते रहे. जिससे माहौल को भक्तिमय बना दिया.

शाम को पूरे विधि-विधान से छठ व्रतियों ने डूबते सूर्य एवं छठ माता की आराधना की. व्रतियों ने सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए विशेष पूजा की तैयारी की थी. स्थानीय जनप्रतिनिधि व अन्य लोग भी व्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं देने छठ घाटों पर पहुंचे.

पुलिस के जवान पूरी तरह मुस्तैद रहे . गौरी घाट पर गोताखोरों की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.
प्रशासन ने छठ घाटों पर आवश्यक सुविधाओं का प्रबंध किया था.




