आहीरपुरवा घाट पर श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ व्रतियों ने दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य
शाम ढलने से पहले ही घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी

आरा जिले के आहीरपुरवा घाट पर सोमवार की शाम छठ व्रतियों ने परंपरागत आस्था और भक्ति के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। शाम ढलने से पहले ही घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में कलश, सुप और पूजा सामग्री के साथ अपने परिवार सहित घाट पर पहुंचीं। भक्ति गीतों और गाजे-बाजे से पूरा माहौल भक्तिमय बन गया।

घरों से लेकर घाटों तक छठ गीतों की मधुर धुनें गूंजती रहीं। कई दिनों से चल रही तैयारियों का समापन आज सूर्य उपासना के साथ हुआ। व्रतियों ने संध्या अर्घ्य के दौरान सूर्य देव और छठ माता की पूजा की और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। घाट पर पुलिस बल और गोताखोरों की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

प्रशासन की ओर से प्रकाश, जल निकासी और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई थी। श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन के साथ संपन्न यह पर्व आरा के आहीरपुरवा घाट पर लोगों की आस्था का सुंदर प्रतीक बन गया।

