गोविंदपुर छठ घाट पर उमड़ी आस्था की भीड़
श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा माहौल

पूर्वी सिंहभूम जिले के गोविंदपुर छठ घाट पर सोमवार की शाम छठ व्रतियों ने पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सूर्यास्त से पहले ही घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजी, सिर पर डाला और पूजा सामग्री लिए अपने परिवार सहित घाट की ओर पहुंचीं। गाजे-बाजे और छठ गीतों की मधुर गूंज से पूरा वातावरण भक्ति और उल्लास से भर गया।

घरों से लेकर घाटों तक भक्ति और पवित्रता का माहौल बना रहा। कई दिनों से चल रही तैयारियों का समापन आज सूर्य उपासना के इस पावन क्षण के साथ हुआ। व्रतियों ने सूर्य देव और छठ माता की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और ग्रामीणों की बड़ी संख्या घाट पर उपस्थित रही। सभी ने व्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। घाट पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और स्वयंसेवक तैनात रहे ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
प्रकाश, स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई थी। श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति से परिपूर्ण यह पर्व पूर्वी सिंहभूम के गोविंदपुर छठ घाट पर आस्था और एकता का सुंदर प्रतीक बन गया।



