टाटा स्टील गम्हरिया में RK Enterprises के 160 मजदूर हड़ताल पर
हिसाब-किताब और बकाया भुगतान को लेकर जताया आक्रोश

गम्हरिया (सरायकेला-खरसावां):टाटा स्टील गम्हरिया प्लांट में स्ट्रेट बार बिल से जुड़े वेंडर RK Enterprises के अधीन कार्यरत कुल 160 मजदूरों ने अपने बकाया भुगतान और पारदर्शी हिसाब-किताब की मांग को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। मजदूरों का आरोप है कि लंबे समय से उनके मेहनताने का स्पष्ट और पूरा हिसाब नहीं दिया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मजदूरों ने बताया कि कंपनी में बार-बार वेंडर बदले जाने के कारण उनका पुराना हिसाब बिगड़ गया है। हर बार नया वेंडर आने पर पहले किए गए कार्यों और भुगतान का रिकॉर्ड स्पष्ट नहीं किया जाता, जिसका सीधा नुकसान मजदूरों को उठाना पड़ता है। इसके अलावा, बिना किसी पूर्व सूचना के काम से बैठा दिया जाना भी मजदूरों में भारी नाराजगी का कारण बना हुआ है।
हड़ताल पर बैठे मजदूरों का कहना है कि वे किसी प्रकार का टकराव नहीं चाहते, लेकिन उन्हें अपने द्वारा किए गए कार्य का पूरा, लिखित और पारदर्शी हिसाब चाहिए। मजदूरों ने मांग की है कि RK Enterprises और संबंधित प्रबंधन मजदूरों से अविलंब वार्ता कर समस्या का समाधान निकालें।
मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने आंदोलन को और तेज करने को मजबूर होंगे। फिलहाल हड़ताल के कारण स्ट्रेट बार से संबंधित कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।



